इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 के लिए पाकुड़ जिले की पांच पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें महेशपुर प्रखंड की बाबुदहा पंचायत ने “स्वच्छ एवं स्वास्थ्य पंचायत” तथा “आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा पंचायत” श्रेणी में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पंचायतों के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर प्रतिवर्ष नौ विभिन्न विषयों पर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्रदान किया जाता है। चयन प्रक्रिया के तहत पंचायतों से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने के बाद स्कोरिंग के आधार पर शॉर्टलिस्ट पंचायतों का भौतिक सत्यापन कराया जाता है।
बाबुदहा पंचायत के दावों की जांच के लिए पंचायती राज विभाग, रांची से एसपीआरसी सौरभ बाग एवं एसपीएमयू धीरज महतो की टीम महेशपुर पहुंची। टीम ने ठोस कचरा प्रबंधन, नाली-गली निर्माण, हर घर नल-जल योजना, पंचायत भवन, सोलर लाइट व्यवस्था, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से पंचायत के कार्यों को लेकर फीडबैक भी लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि बाबुदहा पंचायत ने स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विकास और स्थानीय संसाधनों को सशक्त बनाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। घर-घर कचरा संग्रहण, सोलर लाइट युक्त पंचायत भवन तथा महिला समूहों को रोजगार से जोड़ने जैसी पहलें पंचायत की विशेष उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पंचायत का चयन पूरे प्रखंड और जिले के लिए गर्व की बात है। निरीक्षण के दौरान बीपीआरओ मजबूर रहमान, बीपीओ रिजवान फारूकी, प्रखंड समन्वयक साइम अख्तर, मुखिया, पंचायत सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


Related Posts

“चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत जिलेभर में माहवारी स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी।





