पाकुड़। पाकुड़िया पूर्वी क्षेत्र से जिला परिषद अध्यक्ष बनीं जुली खिष्टमनी हेंब्रम ने एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पाकुड़ जिले को मिले राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार को उन्होंने दिल्ली में आयोजित समारोह में ग्रहण किया। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। जुली हेंब्रम के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने और महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इसी का परिणाम है कि पाकुड़ जिले को महिला हितैषी कार्यों के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद जुली हेंब्रम ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पाकुड़ जिले की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में आगे भी लगातार काम जारी रहेगा।
दिल्ली में आयोजित समारोह में उनके साथ डीडीसी, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीपीएम, झिकरहाटी पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव एवं अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जिले के लोगों ने जुली हेंब्रम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पाकुड़िया की बेटी ने राष्ट्रीय मंच पर जिले को नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व को और मजबूती मिलेगी।







