पाकुड़। जिले में सड़क सुरक्षा, परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने गुरुवार को काशीला, चौड़ा मोड़ और रानीपुर चेकपोस्ट सहित हिरनपुर थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनिज परिवहन में लगे वाहनों की सघन जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी ने चेकपोस्टों पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को माइनिंग चालान, ओवरलोडिंग तथा वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने बिना वैध कागजात और ओवरलोड वाहनों पर कड़ी निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों की सूचना तत्काल जिला परिवहन विभाग को देने को कहा। हिरनपुर मुख्य मार्ग पर गिट्टी एवं अन्य खनिज सामग्री का परिवहन कर रहे करीब दस हाईवा वाहनों की जांच की गई। इस दौरान माइनिंग चालान, निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। साथ ही वाहनों में ओवरलोडिंग और तिरपाल से ढंकने के नियमों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई। डीटीओ ने चेकपोस्टों पर अभिलेखों के सही संधारण, वाहनों की नियमित इंट्री तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं झारखंड मोटर वाहन नियमावली, 2001 के प्रावधानों का अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अवैध वसूली पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। डीटीओ ने कहा कि बिना वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








