19 जिलों में चला चुके हैं जन-जागरूकता अभियान, अब सड़क सुरक्षा से लेकर जल संरक्षण तक करेंगे लोगों को जागरूक।
पाकुड़। विश्वशांति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर देशभर में पदयात्रा कर रही पर्वतारोहियों की टीम ने शुक्रवार को पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज से शिष्टाचार मुलाकात की। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हुई इस मुलाकात के दौरान टीम ने अपने अभियान की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। पर्वतारोहियों ने बताया कि उनकी टीम विश्वशांति एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है। अब तक 19 जिलों में पहुंचकर विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पाकुड़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोगों को महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा आज समय की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल हैं तथा इन विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। उपायुक्त ने टीम को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, सामाजिक दायित्वों और जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रति भी जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। मौके पर टीम के सदस्य अवध बिहारी लाल, जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप एवं गोविंदा नंद उपस्थित थे।







