Search

June 8, 2026 1:15 am

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का सघन जांच अभियान, वाहन चालकों को किया जागरूक।

पाकुड़िया। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पाकुड़िया पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। एएसआई सनातन मांझी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत सिदो-कान्हू चौक, राधानगर, खक्सा, राजदाहा, तालवा सहित कई स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, आरसी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की। साथ ही वाहनों की डिक्की की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की सलाह दी। अभियान के दौरान जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं थे, उन्हें कागजात प्रस्तुत करने की हिदायत देते हुए चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
पुलिस ने आम लोगों से सुरक्षित यात्रा के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!