Search

June 9, 2026 10:38 pm

छह दिनों से अंधेरे में छह टोले, जिप अध्यक्ष ने ट्रांसफार्मर बदलने को लिखा पत्र।

पाकुड़िया प्रखंड के छह गांवों के विभिन्न टोलों में ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पाकुड़ जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमनी हेंब्रम ने बिजली विभाग से अविलंब नए ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार मोंगला बांध बांका टोला, सिदपुर प्रधान टोला, पारुलिया, दुर्गापुर डैम, मड़गांव लतार टोला तथा खजुरडंगाल चेतान टोला में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण हजारों उपभोक्ता अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भीषण उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और पंखे, फ्रिज व टीवी समेत अन्य विद्युत उपकरण बेकार पड़े हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना बिजली विभाग को कई दिन पहले दे दी गई थी, लेकिन अब तक न तो मरम्मत की गई है और न ही नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इधर, प्रभावित गांवों के लोगों से शिकायत मिलने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमनी हेंब्रम ने मामले में पहल करते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने सभी प्रभावित टोलों में आवश्यकता के अनुरूप क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर शीघ्र स्थापित करने का आग्रह किया है। जिप अध्यक्ष ने कहा कि भीषण गर्मी और बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए लगातार विभागीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने जिला परिषद अध्यक्ष को आश्वस्त किया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!