Search

June 9, 2026 10:37 pm

फतेहपुर ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, हथियार और लूट के सामान के साथ गिरफ्तार।

मो अफजल/फतेहपुर

जामताड़ा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए देवघर, दुमका और जामताड़ा जिले के मोस्ट वांटेड अपराधी फिरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही फतेहपुर बाजार में हुए चर्चित ज्वेलर्स लूटकांड का भी खुलासा हो गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए चांदी के आभूषण तथा एक लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यह कार्रवाई की। नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की एवं साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि 8 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शातिर अपराधी फतेहपुर की ओर से दुमका जा रहा है। सूचना के आधार पर बनगढ़ी पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
सुबह करीब 9:40 बजे लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान फिरोज अंसारी, पिता सिकंदर अंसारी, निवासी तुलसीडाबर, थाना चित्रा, जिला देवघर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लगभग 100 ग्राम चांदी के आभूषण और मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में फतेहपुर थाना में आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में फिरोज अंसारी ने 29 मई 2026 की रात फतेहपुर बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी अमरजीत वर्मण से हथियार के बल पर नकदी एवं सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि इस वारदात को उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया था।
जांच के दौरान आरोपी ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में हुई कई लूट, डकैती, हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों में अपनी भूमिका होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 18 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सफल अभियान में एसआईटी टीम के अलावा नाला, फतेहपुर एवं कुण्डहित थाना पुलिस के पदाधिकारियों तथा सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

img 20260609 wa00587662905604277505089
img 20260609 wa00591246726202192670137

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!