दोस्तों संग गया था युवक, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित।
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी स्थित एक बंद पत्थर खदान में रविवार को नहाने गए 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार सोनाजोड़ी पंचायत के सोलागढ़िया गांव के नयापाड़ा निवासी हारुन अंसारी का पुत्र मोहम्मद इमरान अंसारी रविवार को दोस्तों के साथ सोनाजोड़ी स्थित बंद पत्थर खदान में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इमरान को डूबता देख उसके साथ गए एक बच्चे ने गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ खदान के पास जुट गई। घटना की सूचना पंचायत के पूर्व मुखिया सफीक अंसारी ने नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और होमगार्ड जवानों की मदद से खदान के पानी में युवक की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद इमरान को पानी से बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में उसे तत्काल सदर अस्पताल सोनाजोड़ी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के अनुसार, आशंका है कि नहाने के दौरान पैर फिसलने से इमरान गहरे पानी में चला गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। बताया गया कि इमरान अपने परिवार का बड़ा बेटा था। कुछ दिन पहले ही उसकी बहन की शादी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बंद पत्थर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।








