Search

September 24, 2026 12:01 am

पचास प्रतिशत अनुदान पर धान बीज वितरण शुरू, लैम्प्स में किसानों को मिली बड़ी राहत।

पाकुड़िया। खरीफ फसल 2026 को लेकर किसानों को समय पर बेहतर बीज उपलब्ध कराने की दिशा में कृषि विभाग ने पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित लैम्प्स गोदाम में किसानों के बीच 50 प्रतिशत अनुदानित दर पर धान बीज का वितरण शुरू किया गया। धान बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय कमेटी सदस्य हरिवंश चौबे, प्रखंड सचिव मोइनुद्दीन अंसारी और लैम्प्स सचिव प्रभात रजक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। जानकारी के अनुसार जिला कृषि विभाग की ओर से पाकुड़िया लैम्प्स को 150 क्विंटल तथा बन्नोग्राम लैम्प्स को 50 क्विंटल धान बीज उपलब्ध कराया गया है। किसानों को यह बीज मात्र 20.45 रुपये प्रति किलो की अनुदानित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों के हित और कृषि विकास को लेकर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराकर खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा। वहीं किसानों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से लैम्प्स के माध्यम से ही धान का बीज लेते आ रहे हैं। लैम्प्स से मिलने वाले बीज से उत्पादन भी बेहतर होता है। इस वर्ष समय पर बीज उपलब्ध होने से खेती की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। मौके पर लैम्प्स सचिव सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसान मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!