अक्षय कुमार
रामगढ़। गुरुवार को रांची में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला में राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के नेतृत्व में वनस्पति विज्ञान विभाग तथा जंतु विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कृषि क्षेत्र में उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, कृषि यंत्रों एवं नवीन कृषि पद्धतियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। मेले में विभिन्न संस्थानों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों का विद्यार्थियों ने अवलोकन किया तथा कृषि के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध एवं तकनीकी विकास से परिचित हुए।

विद्यार्थियों ने आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों, जैविक उत्पादों तथा वैज्ञानिक खेती की विधियों के संबंध में विशेषज्ञों से संवाद कर अपने ज्ञान का विस्तार किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों एवं नवाचारों से अवगत कराना तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करना था।
विश्वविद्यालय कुलाधिपति बी एन साह ने सभी छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्होंने बताया कि अनुभव से मिली शिक्षा ही जीवन की सच्ची शिक्षा है। सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि, कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ) अशोक कुमार और प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल बताया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ। विद्यार्थियों ने कृषि क्षेत्र में नवाचारों को निकट से समझने तथा उनके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर हासिल किया। इस अवसर पर वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ पूजा कुमारी जायसवाल,जंतु विज्ञान विभाग के डॉ अपराजिता सोनी , श्याम कुमार एवं छात्र -छात्राएं उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान विभाग के नेतृत्व में आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






