Search

June 19, 2026 1:31 am

महिला एवं बाल संरक्षण समिति की बैठक, बाल विवाह और ड्रॉपआउट बच्चों की रोकथाम पर जोर।

हिरणपुर (पाकुड़): प्रखंड सभागार हिरणपुर में प्रखंड स्तरीय महिला एवं बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख सह समिति अध्यक्ष अब्दुल गनी ने की। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), समिति के सदस्य, पीसीआई-यूनिसेफ के जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) और ब्लॉक फैसिलिटेटर मौजूद रहे।
बैठक में मिशन वात्सल्य के तहत महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष ने सभी पंचायत स्तरीय महिला एवं बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने और उसकी रिपोर्ट समय पर प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया। पीसीआई-यूनिसेफ के जिला परियोजना समन्वयक ने बाल विवाह, स्कूल छोड़ चुके बच्चों (ड्रॉपआउट) और स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की रोकथाम के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बीडीओ ने बाल संरक्षण से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और मैपिंग करने के लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहिया और पीडीएस डीलरों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह, बच्चों के स्कूल छोड़ने और अन्य समस्याओं को समय रहते रोका जा सकता है। बैठक में महिला एवं बाल अधिकारों की सुरक्षा, बच्चों के बेहतर भविष्य और पंचायत स्तर पर संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!