अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : थाना क्षेत्र के छोलापाथर गांव में खदान में डूबने से 42 वर्षीय बुधराय हांसदा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधराय हांसदा अपनी पत्नी के साथ खदान में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पत्नी ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन की, लेकिन बुधराय का पता नहीं चल सका। इसके बाद दूसरे दिन घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।





