पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ के तत्वावधान में रविवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्जवल बेक, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास, लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर अधिकारियों ने योग को स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। योग प्रशिक्षक महादेव घोष ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन सहित कई योगासनों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षक ने योग के लाभ, सही विधि और सावधानियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन 45 मिनट योग करने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। कार्यक्रम में न्यायालय कर्मी, लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के सदस्य एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स मौजूद रहे।











