Search

June 22, 2026 9:46 am

खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, उपायुक्त ने जिला स्टेडियम का किया निरीक्षण

पाकुड़। खिलाड़ियों को बेहतर माहौल, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रविवार को बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं, आधारभूत संरचनाओं और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से कराए जा रहे जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए और अधिक बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सीएसआर मद से बच्चों को दिए जा रहे निःशुल्क खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी ली। प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रशिक्षकों की भूमिका और खिलाड़ियों की भागीदारी की समीक्षा करते हुए नियमित एवं प्रभावी प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में उगी झाड़ियों की कटाई, नियमित सफाई और रख-रखाव सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा जिला स्टेडियम परिसर में विभाग द्वारा स्वीकृत आवासीय प्रशिक्षण केंद्र (बालक फुटबॉल) के तहत 25 प्रशिक्षु खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जा रहे छात्रावास की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने हॉस्टल का संचालन जल्द शुरू करने को लेकर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि खिलाड़ियों को रहने, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं समय पर मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि खेल के क्षेत्र में जिले की प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण से जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!