अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पाकुड़ जिले के विभिन्न प्रखंडों, शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी संस्थानों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम लोगों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। रहसपुर स्थित मदरसा क़मरुल हुदा में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विभिन्न योगासन कर योग के महत्व को समझा। मदरसा के प्रधानाध्यापक मोताहार हुसैन ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है और मन एकाग्र होता है। योग प्रशिक्षक असीम अकरम ने योग के महत्व और इसके सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। वहीं एंडेवर एकेडमी प्रोजेक्ट प्रयास पाकुड़ में निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में योग दिवस मनाया गया। छात्राओं ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग रहने का संदेश दिया। इस दौरान नियमित योग करने का संकल्प लिया गया। मौके पर शिक्षक संजय कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। पाकुड़िया प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर में कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि पतंजलि एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय के भैया-बहनों, आचार्यों एवं अभिभावकों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति और अनुलोम-विलोम सहित कई योगाभ्यास किए। इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।लिट्टीपाड़ा के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में प्रधानाचार्य बिमल महतो के नेतृत्व में योगाभ्यास हुआ। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने में सहायक है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
पाकुड़ पॉलिटेक्निक परिसर में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगासन एवं प्राणायाम किया। कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे अभ्यास कराए गए। वक्ताओं ने कहा कि योग आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का माध्यम बन चुका है।
महेशपुर प्रखंड परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव और अंचल अधिकारी संजय सिन्हा सहित प्रखंड कर्मियों ने भाग लिया। बीडीओ डॉ. यादव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योग से व्यक्ति स्वस्थ रहने के साथ अपनी कार्यक्षमता भी बढ़ा सकता है। पूरे जिले में आयोजित योग कार्यक्रमों में लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।









