दमदमा कैनाल के पास मुख्य रास्ता घेरने का आरोप, मुखिया की अगुवाई में दिया आवेदन।
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): महेशपुर प्रखंड के दमदमा गांव में सरकारी सड़क पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। सड़क पर कब्जे का आरोप लगाते हुए दमदमा पंचायत के मुखिया अनिल कोड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी संजय सिन्हा को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि दमदमा मुख्य सड़क से गांव के अंदर जाने के लिए दमदमा कैनाल के पहाड़ के पास से होकर एकमात्र रास्ता है। इसी रास्ते के किनारे गांव निवासी आनसारुल शेख, पिता स्व. रफिक शेख ने पहले छोटा दुकान लगाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उस समय मना करने पर उन्होंने रास्ते में परेशानी नहीं होने देने की बात कही थी।
ग्रामीणों के अनुसार, अब धीरे-धीरे उक्त व्यक्ति द्वारा सड़क के हिस्से को तिरपाल लगाकर घेरा जा रहा है और पक्की दीवार का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मना करने पर उन्हें धमकी भी दी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव का मुख्य आवागमन प्रभावित हो सकता है। मुखिया अनिल कोड़ा ने अंचल अधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कर सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। इस संबंध में अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच राजस्व कर्मी से कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





