प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा/पाकुड़। थाना पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात को गुप्त सूचना के आधार पर जिरली पुल के समीप छापेमारी कर अवैध कोयला लदी सात मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी थाना प्रभारी अनिल पंडित ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर तालझारी के रास्ते बड़ा सरसा की ओर से देर रात मोटरसाइकिलों पर अवैध कोयला लादकर ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर एएसआई विजय कुमार मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिरली पुल के पास निगरानी शुरू की। पुलिस को देखते ही कोयला तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके पर ही मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से कोयला लदी सातों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। पुलिस ने जब्त वाहनों के नंबरों के आधार पर संबंधित वाहन मालिकों और तस्करों के खिलाफ लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 36/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।






