स्कूली बच्चों को दी गई यातायात नियमों, बाल विवाह, डायन प्रथा और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केकेडीएम उच्च विद्यालय झिकरहाट्टी, लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरस्वती शिशु विद्यालय लिट्टीपाड़ा तथा मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के नगरनवी उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक और संबंधित थाना प्रभारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से कहा कि वे खुद भी नशे से बचें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
इस दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। वहीं साइबर अपराध से बचाव के लिए ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल और लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, दहेज प्रथा और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य, शिक्षा व स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। वहीं डायन प्रथा को अंधविश्वास पर आधारित अमानवीय कुप्रथा बताते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में आपातकालीन सेवा डायल 112 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या साइबर ठगी की घटना में तुरंत इन सेवाओं का सहारा लिया जा सकता है। जागरूकता अभियान में विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशामुक्त, सुरक्षित एवं कुरीतिमुक्त समाज बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।







