पाकुड़। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, भा०पु०से० के निर्देश पर बुधवार को महेशपुर, रद्दीपुर एवं लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी एवं जिला बल के जवान दंगा निरोधी उपकरणों जैसे हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के साथ शामिल रहे। जवानों ने महेशपुर क्षेत्र के बलियाडांगा, रोलाग्राम, छक्कुधारा से लेकर महेशपुर चौक तक, रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के दहापाड़ा, फुटानी मोड़, चिनाडांगा, पहाड़िया टोला तथा लिट्टीपाड़ा क्षेत्र के रांगा, बादल चौक, फुलपहाड़ी, बड़ा सरसा समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त किया। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। वहीं सभी थाना एवं ओपी में तैनात क्यूआरटी टीम के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ब्रीफिंग दी गई। पुलिस बलों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने, सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनात रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।








