इमाम हुसैन की शहादत की याद में त्याग और बलिदान का पर्व मुहर्रम शुक्रवार को पाकुड़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा, अनुशासन और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर पाकुड़िया, अमड़ापाड़ा, महेशपुर सहित कई इलाकों में पारंपरिक तरीके से ताजिया जुलूस निकाला गया। पाकुड़िया बाजार सहित मोंगलाबांध, राजपोखर, पलियादाहा, डोमनगड़िया, फुलझींझरी, धोबना, ढेकीडूबा, सोरला, सरसाबांध और जुगुड़िया समेत विभिन्न गांवों में अखाड़ा कमेटियों की ओर से ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और या हुसैन, या अली के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं ने अखाड़े में पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया। अमड़ापाड़ा में भी शांतिपूर्ण माहौल में भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया, जहां लोगों ने जगह-जगह शर्बत और पेयजल की व्यवस्था कर जुलूस का स्वागत किया। वहीं महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम में नवयुवक संघ के नेतृत्व में निकले जुलूस में सैकड़ों लोग शामिल हुए। ताजिया जुलूस विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचा। मुहर्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। सभी जुलूस मार्गों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए थे। पाकुड़िया में ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएसपी विजय कुमार, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। महेशपुर में थाना प्रभारी रवि शर्मा दल-बल के साथ तैनात रहे। पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम संपन्न हुआ और लोगों ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।










