Search

June 27, 2026 1:32 am

एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद बालू परिवहन जारी होने का आरोप, पूर्व विधायक ने ओवरलोड ट्रेलर पकड़ पुलिस को सौंपा

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा मुख्य सड़क पर धुंधापहाड़ी के समीप ओवरलोड बालू लदे एक ट्रेलर (डब्ल्यूबी 45बी 8090) को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने वाहन को थाना परिसर लाकर जब्त करने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में धड़ल्ले से ओवरलोड बालू का परिवहन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिबंध के बाद भी दुमका होते हुए लिट्टीपाड़ा और पाकुड़ के रास्ते पश्चिम बंगाल तक प्रतिदिन बालू लदे वाहनों का परिचालन किसके संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर आम लोगों को सस्ती दर पर बालू उपलब्ध कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर अवैध बालू परिवहन पर रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इधर, प्रभारी थाना प्रभारी अनिल कुमार पंडित ने बताया कि पूर्व विधायक द्वारा एक ट्रक थाना को सुपुर्द किया गया है। वाहन की जांच की जा रही है और वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!