पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला भगत पाड़ा स्थित रविंद्र नाथ चौक का है, जहां अज्ञात चोरों ने फास्ट फूड ठेले का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रंजीत कुमार साहा रविंद्र नाथ चौक के सामने रंजीत फास्ट फूड सेंटर नाम से ठेला चलाते हैं। रोज की तरह वह रात में ठेला बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने ठेले का ताला तोड़कर अंदर रखा गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
सुबह जब रंजीत दुकान खोलने पहुंचे तो ठेले का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर गैस सिलेंडर गायब पाया गया। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी नगर थाना को देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








