पाकुड़। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के इशाकपुर नया टोला में सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत से एक आरोपी को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, इशाकपुर और जयकीस्टोपुर के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि इशाकपुर स्थित तालाब के पास कुछ लोग गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं तथा वहां नहाने और पानी भरने आने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। शिकायत के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस गश्ती दल ने मौके से आलमगीर आलम (22) को हिरासत में लिया और थाना लेकर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी के घर और आसपास के लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया तथा पथराव कर आलमगीर आलम को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की अतिरिक्त पुलिस टीम पुरुष एवं महिला सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आलमगीर आलम, उसके चाचा रेजाबुल शेख उर्फ एजाबुल शेख (55) तथा उसकी मां मंजिला बीबी (40) को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 1 जुलाई 2026 के तहत सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी सेवक पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में 10 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।





