विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।
महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही तलवा–खारूटोला सड़क निर्माण योजना को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी मिल गई है। योजना को स्वीकृति मिलने पर महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। विधायक प्रो. मरांडी ने कहा कि मंत्रिमंडल द्वारा जनहित और राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क योजना को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए पूरे महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति कोटि-कोटि धन्यवाद और आभार व्यक्त किया जाता है। विधायक ने विश्वास जताया कि सरकार आगे भी क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देकर जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।






