Search

July 4, 2026 10:07 pm

सीमा पर 17 साल देश की हिफाजत की, अब मताधिकार की सुरक्षा की मुहिम, वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों पर जिप सदस्य सामसुन मुर्मू का सवाल

महेशपुर/पाकुड़। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बीच जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या-12) सामसुन मुर्मू ने मतदाता सूची में सामने आ रही त्रुटियों को गंभीर मुद्दा बताते हुए लोगों से अपने नाम का सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
सामसुन मुर्मू ने बताया कि वर्ष 1986 में उन्होंने भारतीय सेना की बिहार रेजिमेंट में भर्ती होकर 17 वर्ष 18 दिन तक देश की सीमाओं की रक्षा की। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने जनसेवा का रास्ता चुना और वर्तमान में जिला परिषद सदस्य के रूप में क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में सेवा के दौरान उनका नाम नहीं होना स्वाभाविक था, लेकिन उसी सूची में उनके माता-पिता और भाई का नाम भी दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने इसे गंभीर चूक बताते हुए कहा कि ऐसी त्रुटियों से कई परिवार मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं, इसलिए मतदाता सूची का सही होना बेहद जरूरी है।
जिप सदस्य ने महेशपुर प्रखंड के असकंधा, पोखरिया, बाबुदहा, लोगांव और शहरग्राम सहित कई गांवों का दौरा कर लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाएं, मृत या स्थायी रूप से बाहर जा चुके लोगों का नाम फॉर्म-7 से हटवाएं तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराएं। उन्होंने कहा, मैं स्वयं मतदाता सूची की त्रुटि का सामना कर चुका हूं। इसलिए चाहता हूं कि मेरे क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे। बीएलओ घर-घर पहुंच रहे हैं, सभी लोग अपने दस्तावेज तैयार रखें और समय पर अपना सत्यापन अवश्य कराएं।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी मतदाता सूची से जुड़ी अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। सामसुन मुर्मू ने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!