उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
पाकुड़। समाहरणालय संवर्ग के विभिन्न पदों के पदनाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी होने के बाद कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मंगलवार को झारखंड राज्य अनुसचिवीय कर्मचारी संघ, पाकुड़ जिला इकाई के पदाधिकारियों ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव ने बताया कि समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी पिछले करीब पांच वर्षों से पदनाम परिवर्तन की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत थे। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से छह जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के बाद कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है।
अधिसूचना के अनुसार निम्न वर्गीय लिपिक का पदनाम सहायक, उच्च वर्गीय लिपिक का वरीय सहायक, प्रधान लिपिक का सहायक प्रशासी पदाधिकारी, कार्यालय अधीक्षक का प्रशासी पदाधिकारी (ग्रेड-2) तथा प्रशासी पदाधिकारी का प्रशासी पदाधिकारी (ग्रेड-1) कर दिया गया है। कर्मचारियों ने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके माध्यम से मुख्यमंत्री, कार्मिक सचिव एवं मुख्य सचिव के प्रति आभार प्रकट किया। संघ ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। संघ ने कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाने के लिए स्थानीय मीडिया का भी धन्यवाद दिया। मौके पर जिला मंत्री ओंकार कुमार, रूबी कुमारी, रोशन कुमार झा, बेबी साह, खुर्शीदा बेगम, पुष्पलता, ममता दास, आशा किरण, साहिना जूही समेत समाहरणालय संवर्ग के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।







