राजकुमार भगत
पाकुड़। ऐतिहासिक रथ यात्रा के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सेवा आयाम ‘सेवार्थ विद्यार्थी’ (स्टूडेंट्स फॉर सेवा) की ओर से गुरुवार को एक दिवसीय सेवा शिविर लगाया गया। शिविर के माध्यम से रथ यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को शीतल शरबत एवं पेयजल का वितरण किया गया। साथ ही गर्मी और भीड़ को देखते हुए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था भी की गई। अभाविप कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य के साथ स्थानीय पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हुए भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे।
अभाविप के नगर मंत्री सूरज कुमार शाह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल छात्र हित तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा भी संगठन की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘सेवार्थ विद्यार्थी’ के माध्यम से युवाओं में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित की जाती है। रथ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सेवा करना संगठन के लिए सौभाग्य की बात है। सेवा शिविर में सेवार्थ विद्यार्थी के संयोजक हर्ष कुमार, सहसंयोजक अनु कुमारी, नगर सह मंत्री दिनेश पंडित, कार्यालय मंत्री अमरेश मिश्रा, कुणाल कुमार, मनीष, रूमी कुमारी, सूरज चौधरी, आयुष चौरसिया, आयुष पटवा, अंशु कुमार, आनंद कुमार एवं बमभोला उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








