Search

August 2, 2026 5:20 pm

पिट्स मॉडर्न स्कूल के दो छात्राओं का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

गोमिया। पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी उत्कृष्ट पहचान स्थापित करते हुए सीबीएसई ईस्ट ज़ोन जूडो चैंपियनशिप 2026–27 में शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक गुरुकुल मॉन्टेसरी स्कूल, प्रयागराज में आयोजित हुई थी। विद्यालय की छात्राओं ने अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक अपने नाम किए और विद्यालय को गौरवान्वित किया।

img 20260801 wa0129730262220630895374

पदक विजेता छात्राएँ: मिष्ठी कुमारी (अंडर-14, -23 किग्रा) – स्वर्ण पदक, सपना भारती (अंडर-19, -36 किग्रा) – रजत पदक,सुरभि राज (अंडर-17, -44 किग्रा) – कांस्य पदक। इस शानदार उपलब्धि के साथ मिष्ठी कुमारी एवं सपना भारती का चयन सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो 29 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक कन्नूर, हरियाणा में आयोजित होगी। उनकी इस सफलता से अभिभावकों, शिक्षकों एवं पूरे पिट्स मॉडर्न स्कूल परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। इन प्रतिभाशाली छात्राओं को 1 अगस्त 2026 को विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान प्राचार्य बृज मोहन लाल दास द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। यह सम्मान समारोह विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। छात्राओं की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत एवं कोच खुशी सिंह का समर्पित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन रहा, जिनके अथक प्रयासों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह की गरिमा को और बढ़ाते हुए पदक विजेता छात्राओं के अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्राओं को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा इस खुशी के अवसर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच मिठाइयाँ वितरित की गईं, जिससे पूरा विद्यालय उत्सव के रंग में रंग गया।इस अवसर पर प्राचार्य बृज मोहन लाल दास ने कहा, “हमारी छात्राओं की यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और अदम्य जुझारूपन का परिचायक है। हमें उन पर अत्यंत गर्व है और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हैं। हमें विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। गोमिया स्कूल सोसाइटी के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता ने कहा, “हमारे विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यालय की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्टता को भी समान महत्व दिया जाता है। हम सभी पदक विजेता छात्राओं एवं उनकी कोच को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हैं।” आईईपीएल (ओरिका), गोमिया के एमसीएम अभिषेक बिस्वास ने अपने संदेश में कहा, “हमारी जूडो खिलाड़ियों को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई। उनकी उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। हमें विश्वास है कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी। पिट्स मॉडर्न स्कूल परिवार इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी सभी विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता है तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन की कामना करता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!