पाकुड़िया: अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र में वीर शहीद सिद्धू-कान्हू के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मोंगला बांध स्थित सिद्धू-कान्हू चौक एवं तलवा गांव में स्थापित अमर शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को याद किया। अधिकारियों ने सिद्धू-कान्हू के संघर्ष, त्याग और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन तथा आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो का संघर्ष इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों और संघर्षों को आत्मसात कर युवा समाज और क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिला।








