Search

October 6, 2026 12:14 am

विश्व मच्छर दिवस पर जागरूकता रैली, मलेरिया से बचाव के बताए उपाय

पाकुड़िया: विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया से मुख्य बाजार तक स्वास्थ्यकर्मियों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को मलेरिया समेत मच्छरजनित बीमारियों से बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ. मंजर आलम ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1897 में सर रोनाल्ड रॉस ने मलेरिया फैलाने वाले मादा एनाफिलीज मच्छर की भूमिका की खोज की थी। उन्होंने कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। खिड़कियों में जाली लगाने के साथ सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ठंड के साथ बुखार, कंपकंपी और सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच करानी चाहिए। सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की जांच और उपचार नि:शुल्क उपलब्ध है। विश्व मच्छर दिवस के तहत प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और स्कूलों में भी स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताए गए। मौके पर डॉ. अब्दुल हक मंजर, डॉ. वसीम रजा, केटीएस संजय मुर्मू, प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रभात दास, एमपीडब्ल्यू अंकित हेम्ब्रम, नूर आलम शेख, मिशन शेख, रविंद्र मुर्मू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!