Search

September 2, 2026 10:47 pm

दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में घुसे तीन नकाबपोश, दो राउंड फायरिंग कर लाखों के जेवर लूटे, बारिश का फायदा उठाकर बाइक से फरार।

दुकानदार को निशाना बनाकर चलाई गोली, झुककर बचाई जान; भागते समय भी की फायरिंग, एसपी बोले- अपराधी बच नहीं पाएंगे।

अमर भगत

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। मुख्य बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े तीन हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने ज्वेलर्स दुकान में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में पल्सर बाइक से पहुंचे अपराधियों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर बाइक से फरार हो गए। वारदात के दौरान अपराधियों ने कम से कम दो राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में दुकान में मौजूद आकाश वर्मा बाल-बाल बच गए।

दुकान में घुसते ही चलाई गोली, झुककर बची जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और रेनकोट पहन रखा था। तेज बारिश के बीच वे पल्सर बाइक से दुकान पहुंचे। दुकान में प्रवेश करते ही अपराधियों ने आकाश वर्मा को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक फायरिंग होते ही आकाश झुक गए, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी। जान बचाने के लिए वह दुकान से निकलकर घर की ओर भागे। बताया गया कि अपराधियों ने पीछा करते हुए दूसरी गोली भी चलाई, लेकिन वह भी निशाने से चूक गई।
इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे सोने और चांदी के जेवरात तेजी से समेटे और झोले में भरकर बाहर निकल गए। भागते समय लोगों में दहशत फैलाने के लिए भी फायरिंग की।

img 20260902 wa00062062806072013046779

लोगों ने पीछा किया तो फिर फायरिंग

वारदात के बाद तीनों अपराधी पल्सर बाइक से बासमती की ओर भागे। बताया जाता है कि बलियाडंगाल के समीप स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अपराधियों ने वहां भी फायरिंग कर दी। इससे लोग पीछे हट गए और अपराधी डूमरघट्टी की दिशा में भाग निकले। बारिश और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर अपराधी पुलिस की पहुंच से दूर निकल गए।

CCTV में कैद हुई वारदात, जिलेभर में जांच और छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा और महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आसपास के घरों और दुकानों में लगे कैमरों से भी अपराधियों के भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जिले के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहन जांच तेज कर दी है। संदिग्ध बाइक और वाहनों की जांच के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

img 20260902 1958161600306564704960402

घटना की जानकारी मिलते ही अमड़ापाड़ा पहुंचे एसपी

लूट की सूचना मिलते ही पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह अमड़ापाड़ा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों ने बाइक से पहुंचकर ज्वेलर्स दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

नुकसान का आकलन जारी, लिखित शिकायत के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी

एसपी के अनुसार, दुकानदार आकाश वर्मा से बात की गई है। फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दुकानदार की ओर से नुकसान का लिखित विवरण दिए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अनुदीप सिंह ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और अपराधी बच नहीं पाएंगे। पुलिस जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े मुख्य बाजार में हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई लूट और फायरिंग से अमड़ापाड़ा के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

img 20260902 wa00056413172958402063897

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!