30 सितंबर तक 15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे भागीदारी, जिला से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
पाकुड़:विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच देने के लिए भारत सरकार ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 शुरू किया है। अभियान के पहले चरण में ‘विकसित भारत प्रश्नोत्तरी’ शुरू हो चुकी है। पाकुड़ जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें 30 सितंबर 2026 तक भाग ले सकते हैं। जिला युवा अधिकारी रविन्द्र मीना ने जिले के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी सोच, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता देश के सामने रखने का अवसर है।
10 मिनट में 20 सवाल, फिर निबंध से आगे बढ़ेगा सफर
प्रश्नोत्तरी में शामिल होने से पहले युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद 10 मिनट में सामान्य जागरूकता से जुड़े 20 सवालों का जवाब देना होगा। प्रश्नोत्तरी में चयनित युवा अगले चरण में 500 शब्दों की ‘विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता’ में शामिल होंगे।
इसके बाद चयन की प्रक्रिया निबंध प्रतियोगिता से जिला चैंपियनशिप, फिर राज्य और अंत में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। यानी पाकुड़ का युवा अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकता है।
चार क्षेत्रों में युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के तहत चार प्रमुख क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें विकसित भारत चुनौती, सांस्कृतिक, नवाचार और विकसित भारत युवा संसद शामिल हैं। नवाचार के तहत भारत के लिए डिजाइन, सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी प्रयास और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं को अवसर मिलेगा।
जिला युवा अधिकारी ने कहा कि पाकुड़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत है कि वे उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी सोच और प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचाएं।
स्कूल-कॉलेजों से युवाओं को जोड़ने की अपील
जिला युवा अधिकारी ने जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, युवा क्लबों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि वे पात्र युवाओं को अभियान की जानकारी दें और अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। पहले से मेरा युवा भारत पर पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है। नए प्रतिभागी मोबाइल नंबर या ई-मेल के माध्यम से एक बार इस्तेमाल होने वाले सत्यापन कोड से पंजीकरण पूरा कर प्रश्नोत्तरी में शामिल हो सकते हैं।






