Search

September 16, 2026 12:11 am

कोल रोड पर रंगदारी और लूट से सहमे ट्रांसपोर्टर, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

डीजल चोरी और चालकों से मारपीट का आरोप; दस हजार से चालीस हजार तक की अवैध वसूली।

पाकुड़। कोयला परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टरों ने कोल रोड पर बढ़ती कथित रंगदारी, डीजल चोरी, कोयला लूट और चालकों के साथ मारपीट को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह से कार्रवाई की मांग की है। कोल ट्रांसपोर्ट कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से 15 सितंबर को एसपी को सौंपे आवेदन में बनपोखरिया, सिलकुद्री, आसनदीपा और दुर्गापुर के आसपास की घटनाओं का उल्लेख किया गया है।
ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि सड़क पर वाहनों को रोककर धारदार हथियारों के बल पर चालकों को डराया-धमकाया जाता है और 200 से 300 लीटर तक डीजल निकाल लिया जाता है। परिवहन के दौरान वाहनों को रोककर तिरपाल फाड़कर कोयला लूटने की भी शिकायत की गई है। आवेदन में बारिश के दौरान वाहनों के कीचड़ में फंसने पर 10 हजार से 40 हजार तक अवैध वसूली का आरोप लगाया गया है। रकम नहीं देने पर वाहनों को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कही गई है। विरोध करने पर चालकों-सहचालकों से मारपीट, बदसलूकी, धमकी और वाहनों के शीशे तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। ट्रांसपोर्टरों ने दुर्गापुर मोड़, आसनदीपा बाइपास, कोलाजोड़ा पहाड़, रामपुर, शहरग्राम, पोखरिया, अमरापाड़ा और बरमसिया में सड़क किनारे बनी झोपड़ियों को हटाने की मांग की है। आरोप है कि कुछ झोपड़ियों की आड़ में चोरी के डीजल की खरीद-बिक्री और गांजे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। कमेटी ने कहा कि असुरक्षित माहौल के कारण कोयला परिवहन जोखिम भरा हो गया है और कारोबार ठप होने की स्थिति में पहुंच रहा है। ट्रांसपोर्टरों ने एसपी से कोल रोड पर भयमुक्त वातावरण बनाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और परिवहन व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त, एसडीओ और पुलिस के अन्य अधिकारियों को भी दी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!