शांति समिति की बैठक में शोभायात्रा, मेला और विसर्जन की बनी रूपरेखा; पूजा समितियों ने सड़क, सफाई और रोशनी की समस्याएं उठाईं
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को अमड़ापाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। सीओ औसाफ अहमद खां, थाना प्रभारी अनुप रौशन भेंगरा और बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रशासन ने पूजा समितियों को सरकार की गाइडलाइन से अवगत कराया और उसके पालन की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें पुलिस-प्रशासन के साथ पूजा समितियों के वोलेंटियर्स की भी अहम भूमिका होगी। सभी समितियां आपसी समन्वय और सहयोग से आयोजन संपन्न कराएं। बैठक में पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों, शोभायात्रा, मेला और प्रतिमा विसर्जन की जानकारी दी। वहीं मुख्य बाजार पूजा समिति ने साफ-सफाई, सड़क मरम्मती, पानी का छिड़काव और हाईमास्ट लाइट जैसी बुनियादी समस्याएं उठाईं। समिति ने अधिकारियों और कोल कंपनी के प्रतिनिधियों से पूजा से पहले इन सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग की। बासमती और डूमरचीर की पूजा समितियों ने भी अपने आयोजनों की जानकारी दी।
बैठक में बीजीआर के मधुसूदन रेड्डी, डीबीएल के संजय कुमार दास, निपेन्द्र कुमार सहित नारायण भगत, सरोज मंडल, संतोष भगत, संजय रजक, लियाकत अली, शौकत अली, मुस्लिम मियां, रविंद्र पाल, संटू मंडल, ललन भगत, राहुल भगत, उत्तम भगत, दशरथ भगत, अमूल्यों मंडल समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।







