एनसीसी कैडेटों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता का संदेश
राजकुमार भगत
पाकुड़। स्वच्छता केवल अपने आसपास सफाई रखने तक सीमित नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी विषय है। इसी सोच के साथ डीएवी पब्लिक स्कूल गोकुलपुर के एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों ने गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के आसपास सफाई करने के साथ सृष्टि पेट्रोल पंप के समीप डीएवी रोड पर बने गड्ढों को भी श्रमदान कर भरने का प्रयास किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क के गड्ढों में गिट्टी, स्टोन डस्ट और सीमेंट डालकर उन्हें समतल किया। विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को इन गड्ढों के कारण परेशानी होती थी। विद्यार्थियों की इस पहल से सड़क को तत्काल स्तर पर सुगम बनाने का प्रयास किया गया। एनसीसी कैडेटों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। अभियान में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने यह भी संदेश दिया कि सामाजिक जिम्मेदारी की शुरुआत छोटे-छोटे प्रयासों से की जा सकती है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की समझ विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है। विद्यार्थियों के इस श्रमदान की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।







