प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। राजकीय +2 उच्च विद्यालय लिट्टीपाड़ा में मंगलवार को लंच टाइम में विद्यालय का मुख्य गेट बंद किए जाने के विरोध में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रों ने कुछ शिक्षकों को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। करीब एक घंटे तक विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में शिक्षकों और छात्रों के बीच वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। छात्र रितेश ठाकुर, सोनू कुमार साहा, ओम कुमार प्रामाणिक, दीनबंधु, कुंदन साहा, सुदामा ठाकुर समेत दर्जनों छात्रों ने बताया कि लंच टाइम में उन्हें विद्यालय से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाती है। शिक्षकों की ओर से घर से ही टिफिन लाने को कहा जाता है और लंच के समय स्कूल का गेट बंद कर दिया जाता है। छात्रों का आरोप है कि कुछ शिक्षक उनके साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग करते हैं। छात्रों ने विद्यालय में पेयजल और शौचालय की समस्या का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि विद्यालय का आरओ कई महीनों से खराब है। शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रधान शिक्षक ने बताया निर्देश का किया जा रहा पालन
विद्यालय के प्रधान शिक्षक फ्रेंक मुर्मू ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के अनुसार लंच टाइम में बच्चों को विद्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लंच के बाद कई बच्चे विद्यालय से बाहर चले जाते हैं। रास्ते में किसी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। बच्चों को पहले ही घर से टिफिन लाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में पेयजलापूर्ति कार्यालय और बीआरसी भवन भी है, इसलिए मुख्य गेट को बंद नहीं किया जा सकता। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय का गेट बंद किया जाता है।






