Search

October 31, 2026 10:22 pm

उपासना मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, पेनाल्टी शूटआउट में एफसी चेंजिंग स्टार ने जीता खिताब

विजेता टीम को 30 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने पर दिया जोर।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। प्रखंड के तेलियापोखर पंचायत स्थित फुटबॉल मैदान में बीटीएमसी क्लब के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। फाइनल में एफसी चेंजिंग स्टार की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसी मुर्मू स्टार को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य एवं युवा नेत्री उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैदान में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पेनाल्टी शूटआउट में एफसी चेंजिंग स्टार ने एक गोल से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने विजेता टीम को 30 हजार रुपये नकद एवं उपविजेता एफसी मुर्मू स्टार को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपासना मरांडी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देती हैं। हार-जीत को खेल का हिस्सा बताते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करने और भविष्य में झारखंड एवं देश का नाम रोशन करने की अपील की। साथ ही सफल आयोजन के लिए क्लब के सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का आयोजकों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से ढोल-नगाड़े, मांदर की थाप और आदिवासी नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया। मौके पर झामुमो जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, तेलियापोखर पंचायत की मुखिया मरियम मरांडी, जेएनवी के प्राचार्य संजय कुमार प्रसाद, प्रखंड उपाध्यक्ष अल्तमस हेंब्रम, पूर्व युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्र मुर्मू, महेशपुर थाना के एसआई श्रीचांद किस्कू एवं किशोर कुमार टुडू, पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार साह, निरोज मड़ैया, पंचायत अध्यक्ष साइमन मुर्मू, सचिव बोड़ो हेंब्रम सहित क्लब अध्यक्ष सूरज मुर्मू, सचिव सूनीराम मुर्मू, कोषाध्यक्ष गणेश मुर्मू, उपसचिव समीर मुर्मू समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, खेलप्रेमी और हजारों दर्शक उपस्थित थे।

IMG 20261031 WA0030

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!