ओवरलोड गिट्टी लदा हाइवा पकड़ा, आठ टन अतिरिक्त लोड पर 58,500 रुपये का चालान।
पाकुड़। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शुक्रवार देर रात विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 40 से 50 ट्रक और हाइवा की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों से 2 लाख 34 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, निर्धारित क्षमता से आठ टन अधिक गिट्टी लदे एक हाइवा पर 58,500 रुपये का अतिरिक्त ऑनलाइन चालान जारी किया गया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में 30 अक्टूबर की रात 11 बजे से 31 अक्टूबर की रात दो बजे तक अभियान चलाया गया। नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर चेक पोस्ट, डीसी आवास चौक, गोकुलपुर नगर पालिका चेक पोस्ट, जयकिष्टोपुर कांटाघर और पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क पर वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, रोड टैक्स, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और माइनिंग चालान की जांच की गई। साथ ही ओवरलोडिंग, नंबर प्लेट, हाई बीम लाइट और प्रेशर हॉर्न की भी पड़ताल की गई। जांच के क्रम में WB65J-5284 नंबर के एक हाइवा में निर्धारित क्षमता से आठ टन अधिक गिट्टी लदी मिली। विभाग ने इस पर 58,500 रुपये का अतिरिक्त ई-चालान जारी किया।
बकाया चालान नहीं चुकाने पर होगी कार्रवाई।
जिला परिवहन कार्यालय ने वाहन मालिकों से लंबित ई-चालान का भुगतान करने की अपील की है। इसके लिए सरकारी पोर्टल www.nexgenechallan.gov.in पर जाकर चालान की स्थिति देखी जा सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले वाहनों को जांच के दौरान जब्त किया जा सकता है। साथ ही संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में समय और स्थान बदलकर वाहनों की जांच की जाएगी।







