लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान, संगठन की मजबूती को बताया जीत की कुंजी।
पाकुड़िया। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन का पाकुड़ कार्यक्रम में जाने के क्रम में बुधवार को पाकुड़िया पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मंडल अध्यक्ष संजीव भगत और अजय भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। पाकुड़िया पहुंचने पर सुनील सोरेन ने सबसे पहले सिद्धू-कान्हू चौक स्थित वीर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष ब्रजमोहन चौबे ने बारी-बारी से कार्यकर्ताओं का परिचय कराया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना सबसे जरूरी है। कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए काम करें तथा अभी से जनता के बीच जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करें।
उन्होंने कहा कि पाकुड़िया में भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मेहनत ही पार्टी की असली ताकत है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। इसके बाद सुनील सोरेन पाकुड़ में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। मौके पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हृदयानंद भगत, प्रमुख कालिदास मरांडी, धेना मरांडी, उमेश साह, उमाशंकर सिंह, नितेश कुमार, दीपक साह, विनोद पाल, रोहित पाल, रामजीत टुडू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।







