Search

November 9, 2026 11:09 pm

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर विधिक जागरूकता सप्ताह शुरू, ग्रामीणों को बताए गए कानूनी अधिकार।

निःशुल्क कानूनी सहायता से लेकर बाल विवाह, बाल श्रम और नशा उन्मूलन तक दी गई जानकारी, सप्ताहभर चलेगा अभियान।

पाकुड़। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 9 नवंबर से जिले में विधिक जागरूकता सप्ताह की शुरुआत हुई। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से पाकुड़ प्रखंड के संग्रामपुर स्थित मदरसा परिसर में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं और ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और नशा उन्मूलन से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश और प्रभारी सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख और सहायक अजफर हुसैन विश्वास ने लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं, डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा ने बच्चों से संवाद कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपराधमुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। अन्य वक्ताओं ने भी बाल विवाह के दुष्परिणाम, शिक्षा के महत्व और नशामुक्त समाज की जरूरत पर प्रकाश डाला।
डालसा की ओर से बताया गया कि जागरूकता अभियान पूरे सप्ताह चलेगा। इसके तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) अपने-अपने क्षेत्रों में हाट-बाजार, चौक-चौराहों और लीगल एड क्लीनिकों में शिविर लगाकर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देंगे। मौके पर मदरसा प्रधानाध्यापक मो. मोतीउर रहमान, जेडएच विश्वास, इमरान आलम, सुदीप त्रिवेदी, उत्पल मंडल सहित शिक्षक, पीएलवी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

IMG 20261109 WA0001

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!