Search

November 10, 2026 10:37 pm

दिल्ली तक सीधी ट्रेन के लिए सुरेश अग्रवाल ने खोला मोर्चा, रेल मंत्री को भेजा पत्र।

रामपुरहाट से पाकुड़–साहिबगंज–भागलपुर होकर नई दिल्ली तक ट्रेन चलाने की मांग, वंदे भारत या अमृत भारत के परिचालन का दिया सुझाव

पाकुड़ को राजधानी दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी दिलाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार अग्रवाल ने पहल तेज कर दी है। उन्होंने रामपुरहाट से पाकुड़, साहिबगंज और भागलपुर होते हुए नई दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग को लेकर रेल मंत्री सहित रेलवे के शीर्ष अधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने इस मार्ग पर सुपरफास्ट, वंदे भारत या अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का सुझाव देते हुए इसे क्षेत्र की बड़ी जरूरत बताया है।
सुरेश अग्रवाल ने पत्र में कहा है कि पाकुड़ पत्थर उद्योग, कृषि और व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज और आम नागरिक दिल्ली आते-जाते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने रेल मंत्री, रेल सचिव, पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और हावड़ा मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मांग पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है। अग्रवाल का कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से पाकुड़ समेत पूरे संथाल परगना को राजधानी तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही व्यापार, पत्थर उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। रामपुरहाट स्थित तारापीठ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिल सकेगा। सुरेश अग्रवाल ने उम्मीद जताई है कि रेलवे इस जनहित की मांग को प्राथमिकता देकर क्षेत्रवासियों को राजधानी तक सीधी रेल सेवा की सौगात देगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!