बाल श्रम और बाल विवाह रोकने के लिए किया जागरूक, बच्चों की सुरक्षा को बताया समाज की सामूहिक जिम्मेदारी।
हिरणपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस सप्ताह के तहत गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ की ओर से हिरणपुर हटिया एवं आसपास के क्षेत्रों में विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। झालसा, रांची के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश और प्रभारी डालसा सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों को डालसा के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही निष्पक्ष न्याय प्रक्रिया, नालसा की विभिन्न योजनाओं और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर असुंता मुर्मू एवं आनंद मुर्मू ने बाल संरक्षण के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित माहौल, शिक्षा, स्नेह और संरक्षण देना केवल कानून ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि किसी बच्चे को संकट या खतरे में देखकर चुप न रहें, बल्कि उसकी मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। वहीं, पैरा लीगल वॉलंटियर मिरू बेसरा एवं मोलीता कुमारी ने बाल श्रम और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल श्रम बच्चों से उनका बचपन और शिक्षा का अधिकार छीनता है। बच्चों को काम में लगाने के बजाय शिक्षा से जोड़कर उनका भविष्य सुरक्षित करना जरूरी है। बाल विवाह को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि निर्धारित उम्र से पहले विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
अभियान के माध्यम से लोगों से बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेने की अपील की गई।





