पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्यों में तेजी लाने और 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर उपायुक्त ने शुक्रवार को वर्चुअल बैठक की। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ और पंचायत सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।
उपायुक्त ने दस्तावेजों के संग्रहण एवं सत्यापन में आ रही समस्याओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। पंचायत सचिवों और सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय से कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, 15 नवंबर को सभी पंचायत भवनों में विशेष ग्रामसभा आयोजित होगी। इसमें ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ जनजातीय गौरव, राज्य की ऐतिहासिक विरासत और स्थापना दिवस के महत्व की जानकारी दी जाएगी। पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर स्वच्छता अभियान और श्रमदान भी होगा। उपायुक्त ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने का निर्देश दिया।






