क्रेशर से उड़ाए थे तांबे के कॉयल, झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के सामान; बाइक और औजार भी जब्त
पाकुड़। पाकुड़िया के धुलीडांगा स्थित आरएम इंटरप्राइजेज क्रेशर से ट्रांसफॉर्मर का तांबा कॉयल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी ने छापेमारी कर आलमगीर शेख उर्फ बाटिल, रामलाल टुडू और सेमोल सोरेन को दबोचा। आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से चोरी के 17 तांबे के कॉयल बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस बाइक, जैक, पेचकस और बोल्ट भी जब्त किए हैं। पूछताछ में तीनों ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाके में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। तीनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।






