मो० काजीरुल शेख
पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत चेंगाडांगा नीचे टोला आंगनबाड़ी केंद्र में नौनिहालों के बीच गर्म कपड़ों (स्वेटर) का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र में नामांकित कुल 40 बच्चों के बीच प्रति बच्चा दो-दो पीस स्वेटर प्रदान किए गए। बढ़ती ठंड को देखते हुए बच्चों को ठंड से बचाव के लिए यह पहल की गई। नए स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंचायत के मुखिया विपिन सरदार, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अली अकबर एवं आंगनबाड़ी सेविका आमातुन जोहरा उपस्थित रहीं। जनप्रतिनिधियों व सेविका ने अपने हाथों से सभी 40 बच्चों को स्वेटर पहनाया और उनके अभिभावकों को बच्चों की साफ-सफाई व नियमित रूप से केंद्र भेजने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुखिया विपिन सरदार ने कहा कि सरकार की ओर से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ठंड के मौसम में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है, ताकि वे मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। वहीं, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अली अकबर और सेविका आमातुन जोहरा ने बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार व अन्य सरकारी लाभ उपलब्ध कराने की बात कही। मौके पर आंगनबाड़ी सहायिका समेत स्थानीय ग्रामीण व बच्चों के अभिभावक मौजूद थे।






