Search

November 5, 2026 12:51 am

दीपावली-छठ पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति

छठ घाटों की सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था पर हुई चर्चा, अफवाहों से दूर रहने की अपील।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को महेशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और पूजा व छठ घाट समितियों के सदस्यों ने पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में छठ घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत पर चर्चा हुई। वहीं दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, बाजारों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक सुझाव दिए गए। थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान छठ घाटों और पूजा स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
छठ घाट समिति के सदस्यों ने पानी की गहराई, सुरक्षा इंतजाम और आवागमन के रास्तों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। थाना प्रभारी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!