झारखंड के कई जिलों में आवास, सड़क, स्वच्छता और कृषि विकास की गतिविधियां तेज; पाकुड़ में किसानों को खेती के प्रति किया गया जागरूक
झारखंड। राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित पखवाड़े में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की पहल तेज हो गई है। कहीं गरीब परिवारों को नए पक्के मकानों की सौगात मिल रही है, तो कहीं सड़क निर्माण, स्वच्छता और कृषि जागरूकता के जरिए ग्रामीण विकास को गति दी जा रही है। लोहरदगा में 1667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य रखा गया है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 1005, अबुआ आवास के 660, पीएम जनमन के 10 और अंबेडकर आवास योजना के दो आवास शामिल हैं। गोड्डा में 655 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य है, जिसमें 15 से 17 नवंबर तक 189 परिवार नए घरों में प्रवेश कर चुके हैं। गढ़वा के नगर उंटारी और रमना में आठ लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, हजारीबाग में भी आवास योजना के लाभुकों को नए घरों की सौगात दी गई।
पाकुड़ में किसानों पर फोकस, गांवों में स्वच्छता अभियान
पाकुड़ जिले में स्थापना पखवाड़े के तहत कृषि विभाग ने खेत बचाओ अभियान को गति दी है। जिले के सभी प्रखंडों में कृषक चौपाल, कृषक पाठशाला और कृषक गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को खेती के विकास और कृषि संबंधी जानकारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं, जामताड़ा में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और विकास में भागीदारी की शपथ ली। विभिन्न पंचायतों में छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। गढ़वा में दो सड़क योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके साथ पौधारोपण, स्वच्छता और नशामुक्ति अभियान भी चलाए गए। गोड्डा नगर परिषद ने छठ महापर्व के बाद घाटों की सफाई कराई। स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 28 नवंबर तक विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। सरकार का जोर आवास, बुनियादी सुविधाओं, कृषि विकास और स्वच्छता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की पहुंच मजबूत करने पर है।








