Search

November 19, 2026 10:55 pm

चांदपुर टोटो स्टैंड हटाने को सैकड़ों ग्रामीणों ने निकाला पैदल मार्च, सात दिन का अल्टीमेटम

महिलाओं से छेड़छाड़, नशाखोरी और चालकों से अवैध वसूली का आरोप; डीसी को सौंपा ज्ञापन

पाकुड़। चांदपुर स्थित टोटो स्टैंड को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखा। जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल के नेतृत्व में सैकड़ों प्रभावित ग्रामीणों ने पैदल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। अटल चौक रथ मेला मैदान से सिदो-कान्हू पार्क तक निकाले गए मार्च के बाद उपायुक्त को सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने सात दिनों के भीतर टोटो स्टैंड हटाने और संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क स्थित चांदपुर टोटो पड़ाव के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। वहां नशाखोरी, गाली-गलौज, महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार तथा छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं। विरोध करने पर धमकी देने और गरीब टोटो चालकों से जबरन पैसे वसूलने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्टैंड के आसपास शराब की खाली बोतलें और इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन खेतों में फेंके जाने से भी परेशानी हो रही है।

IMG 20261119 WA0020

निजी वाहन चालकों को भी रोकने का आरोप।

टोटो चालकों ने भी अपनी परेशानी साझा की। हरिगंज निवासी दीपांकर मंडल ने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों को अपने टोटो में लेकर आने के दौरान उनसे 100 रुपये की पर्ची कटवाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर कॉलर पकड़ने और धमकी देने की बात कही। एक महिला ने निजी वाहन से परिवार के साथ जाते समय रास्ते में रोककर टिकट के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया। वहीं चांदपुर के एक टोटो चालक ने यात्रियों को लेकर आने पर कूपन लेने का दबाव बनाने और उंचाकाटा के पास कुछ लोगों द्वारा वाहन घेरने की शिकायत की।

कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने कहा कि इस समस्या को लेकर जून से नवंबर तक उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जनहित में आवाज उठाने वाले लोगों को झूठे मामले में फंसाकर डराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में चांदपुर, गंधाईपुर, पृथ्वीनगर, नवादा, रहसपुर, हिरानंदनपुर और कोलाजोड़ा के ग्रामीणों ने महिलाओं, छात्राओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा टोटो पड़ाव हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि सात दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण भी ली जाएगी।

IMG 20261119 WA0022

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!