पाकुड़िया और हिरणपुर के स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, कमियों को दूर कर सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर।
पाकुड़। जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की पड़ताल करने बुधवार को भारत सरकार की कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) की टीम ने पाकुड़िया और हिरणपुर के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सा व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानना और कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने का प्रयास करना था। पाकुड़िया प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालगापाड़ा पहुंची आठ सदस्यीय केंद्रीय टीम ने श्री अभास जैन के नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दवा भंडार, साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। टीम ने अस्पताल के अभिलेखों की जांच करने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों से भी आवश्यक जानकारी ली। टीम में डॉ. मृदुला पांडेय, डॉ. याकिनी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। राज्य स्तर से नोडल पदाधिकारी डॉ. मुकेश मिश्रा एवं एसडीएम सुबोध कुमार भी मौजूद रहे।।वहीं, हिरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेंट्रल कॉमन रिव्यू मिशन की टीम ने चिकित्सा व्यवस्था का विस्तृत अनुश्रवण किया। एनएचएसआरसी के कंसल्टेंट श्री कनन एवं डीपीएम दीपक कुमार ने चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुनील कुमार सिंह से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद लैब, प्रसूति गृह, दवा भंडार, एक्स-रे कक्ष, एंबुलेंस और अस्पताल के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। टीम ने नियमित मरीजों के उपचार, दवा वितरण, कालाजार, मलेरिया नियंत्रण और टीकाकरण की स्थिति की भी समीक्षा की।
कमियों की पहचान कर सुधार पर जोर।
निरीक्षण के दौरान टीम ने यह जानने का प्रयास किया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आम लोगों तक किस स्तर तक पहुंच रहा है। डीपीएम दीपक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मौके पर पाकुड़िया में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भारत भूषण भगत, डॉ. अभय श्राफ, डॉ. मंजर आलम, प्रभात दास, चंचल कुनाई, प्रेम दास, मिशन शेख सहित स्वास्थ्यकर्मी एवं सेविकाएं उपस्थित थीं। वहीं हिरणपुर में डॉ. मनोज कुमार, डीआरसीएचओ, गौरव कुमार, निपेन भास्कर, राजू अग्रवाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।







