Search

August 26, 2026 12:41 pm

बिस्तर पर सो रहे युवक को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत; परिवार ने मांगा मुआवजा।

पाकुड़िया (पाकुड़)। प्रखंड की राजपोखर पंचायत के मटियलघाटी गांव में सांप के डसने से 32 वर्षीय अनंतो मरांडी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अनंतो मरांडी घर में बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद वह दर्द से तड़पते हुए उठे और शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल ले गए, जहां रात में ही भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बुधवार देर शाम शव गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुवार को परिजनों ने गांव में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की असामयिक मौत से पूरे मटियलघाटी गांव में मातम पसरा है। परिजनों ने सरकार से आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!